अर्की के जमरोटी जंगल में गोली लगने से 46 वर्षीय व्यक्ति की हुई मौत।
बाघल टाइम्स
अर्की ब्यूरो : ( 30 अप्रैल ) पुलिस थाना अर्की के अंतर्गत इलाके में एक व्यक्ति की गोली लगने से मौत का मामला दर्ज हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार लक्ष्मीकांत पुत्र नरपत राम गांव जमरोटी आयु 46 वर्ष की बीते 29 अप्रैल रात को गोली लगने से मृत्यु हो गई।

पुलिस ने आरोपी रणजीत सिंह पुत्र दिला राम निवासी गांव जमरोटी को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए आईजीएमसी शिमला भेज दिया गया है।
वहीं इस घटना को लेकर सूत्रों से जानकारी मिली है कि राहुल पुत्र लक्ष्मीकांत निवासी गांव जमरोटी डाकघर भूमती आयु 22 वर्ष ने पुलिस में यह शिकायत दर्ज करवाई की वह पेशे से चालक है। वह और उसका बड़ा भाई प्रभात कुमार अक्सर बाहर ही रहते है। घर पर उसके माता-पिता ही रहते हैं जो दिहाड़ी मजदूरी करते है। शिकायतकर्ता के अनुसार 29 अप्रैल सांय करीब 06 बजे वह भगत राम के साथ जमरोटी बावड़ी के पास मौजुद था। तभी उसे कमलजीत निवासी गांव कुनी (जमरोटी) ने आवाज दी कि उसके पापा को जंगल में चोट लग गई है। जिस पर वह और भगत राम गाड़ी लेकर गांव कुनी तक आए तथा वहां से पैदल उपर जंगल में मौके पर पहुंचे। जहां राम लाल व रणजीत सिंह दो अन्य व्यक्ति पहले ही मौजुद थे तथा उसके पिता लक्ष्मी कांत जख्मी हालत में गोली लगने के कारण जमीन पर पड़े थे। उसने देखा कि उसके पिता के बांई तरफ कुल्हे के पास गोली लगी हुई थी जंहा से खून बह रहा था। जिस पर वह भगत राम की सहायता से पिता को जख्मी हालात में जंगल से चारपाई पर उठाकर कुनी तक लाये। वहां से पूर्व प्रधान भूमती योगेश गौतम की गाड़ी में उसके ईलाज के लिए अर्की अस्पताल ले गए। अस्पताल में कुछ समय पश्चात डॉक्टर ने उसे बताया कि आपके पिता की मृत्यु हो गई है। शिकायतकर्ता के अनुसार यह हादसा जंगल में रणजीत सिंह की बन्दूक से गोली चलने के कारण हुआ है।
उधर पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।