पट्टा बरावरी में वॉलीबॉल प्रतियोगिता शुरू, 28 टीमें ले रही हिस्सा
बाघल टाइम्स
कुनिहार ब्यूरो(12सितंबर) सोलन विकासखंड की पट्टा बरावरी पंचायत में नेहरू युवक क्लब पट्टा बरावरी के सौजन्य से दो दिवसीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में करीब 28 टीमें भाग ले रही हैं। प्रतियोगिता का शुभारंभ खंड विकास समिति सोलन की अध्यक्ष प्रोमिला कौशल ने बतौर मुख्य अतिथि किया।

आयोजन स्थल पर पहुंचने पर मुख्य अतिथि प्रोमिला कौशल और विशेष अतिथियों का आयोजकों ने फूलमालाओं से स्वागत किया। इस दौरान हरिपुर पंचायत के पूर्व प्रधान पंकज कुमार और जाबल झमरोट पंचायत के उपप्रधान राजीव विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे। मुख्य अतिथि ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उन्हें प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।
प्रोमिला कौशल ने कहा कि खेलों से युवाओं का शारीरिक और मानसिक विकास होता है। खेलों के माध्यम से युवाओं में अनुशासन, आपसी भाईचारे और सहयोग की भावना भी मजबूत होती है। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्र में खेल प्रतियोगिता आयोजित करने के लिए आयोजकों की सराहना की।
उन्होंने प्रतियोगिता के आयोजन के लिए नेहरू युवक क्लब को 15 हजार रुपये देने की घोषणा भी की। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने का आह्वान किया।
इस मौके पर शेर सिंह, शीशपाल, लेखराज, गोपाल दास शर्मा, रामचंद्र शर्मा, कृष्ण चंद्र सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। यह जानकारी जिला पेंशनर्स एवं वरिष्ठ नागरिक कल्याण संगठन सोलन के जिला मीडिया प्रभारी एवं पूर्व पंचायत समिति सदस्य डीडी कश्यप ने दी।