अंडर-14 में कुनिहार स्कूल का दबदबा, चैंपियन बनी टीम
बाघल टाइम्स
कुनिहार ब्यूरो (12 सितम्बर) राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कुनिहार की अंडर-14 बालक टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रमुख खेल प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम कर लिया। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बरोटीवाला में 11 से 13 सितंबर तक आयोजित प्रतियोगिता में कुनिहार के खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल कौशल, अनुशासन और टीम भावना का परिचय दिया। चैंपियन बनकर विद्यालय लौटे खिलाड़ियों का विद्यालय प्रशासन और विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्यों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान खिलाड़ियों के साथ उनके मार्गदर्शक एवं शारीरिक शिक्षा अध्यापक सुरेश कुमार और दल प्रभारी हेमंत कुमार का भी सम्मान किया गया। खिलाड़ियों के सम्मान में कुनिहार बाजार में विजय रैली निकाली गई। रैली के दौरान स्थानीय लोगों ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया और उनकी उपलब्धि पर खुशी जताई। विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष सुनील कुमार ने विजेता टीम को बधाई देते हुए कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों व स्थानीय लोगों के सहयोग से यह उपलब्धि हासिल हुई है। प्रधानाचार्य प्रताप सिंह राणौत ने कहा कि खिलाड़ियों की सफलता के पीछे उनके निरंतर परिश्रम के साथ शारीरिक शिक्षा विभाग सुरेश कुमार दल प्रभारी हेमंत कुमार और समस्त विद्यालय स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंनेअभिभावकों का भी आभार जताया। जिन्होंने बच्चों को खेलों के लिए लगातार प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि कुनिहार की फुटबॉल और हॉकी की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाना विद्यालय की प्राथमिकता है।

आगामी अंडर-19 बालक और अंडर-14 बालिका वर्ग की प्रमुख खेल प्रतियोगिताएं विद्यालय के खेल मैदान में आयोजित होंगी। विद्यालय प्रशासन इन प्रतियोगिताओं के लिए तैयारियों में जुटा है।
प्रधानाचार्य ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। खेलों से बच्चों में अनुशासन नेतृत्व क्षमता आत्मविश्वास टीम भावना और विपरीत परिस्थितियों में निर्णय लेने की क्षमता विकसित होती है। साथ ही खेल युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने में भी अहम भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि विद्यालय प्रबंधन समिति के सहयोग से खेल सुविधाओं को मजबूत करने और विद्यार्थियों को बेहतर अवसर उपलब्ध करवाने के प्रयास किए जा रहे हैं। खेल का मैदान केवल जीतने का स्थान नहीं बल्कि संघर्ष अनुशासन और सफलता का पाठ पढ़ाने वाला विद्यालय है। अंडर-14 टीम की इस जीत से विद्यालय परिसर में खुशी का माहौल है। विद्यालय परिवार ने विजेता खिलाड़ियों और उनके प्रशिक्षकों को बधाई देते हुए आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं।