साई पंचायत में फेरी वालों की एंट्री पर प्रतिबंध, किन्नरों को 1100 शगुन

साई पंचायत में फेरी वालों की एंट्री पर प्रतिबंध, किन्नरों को 1100 शगुन।

बाघल टाइम्स

अर्की (सोलन)  ग्राम पंचायत साई  में ग्राम सभा की पहली बैठक  प्रधान लेखराम की अध्यक्षता में आयोजित की गई। इस बैठक में स्थानीय बीडीसी सदस्य चंपा देवी भी मौजूद रही।

ग्राम सभा का कोरम पूरा होने के पश्चात सर्वप्रथम नव निर्वाचित पंचायत प्रधान लेखराम व उप प्रधान कमलेश भारद्वाज ने पूर्व में रहे पंचायत प्रधान हरीराम वर्मा, उप प्रधान देवेंद्र कुमार समेत समस्त वार्ड सदस्यों का उनके कार्यकाल में किए गए कार्यों के लिए धन्यवाद किया। 

इसके बाद ग्राम सभा में सर्वसम्मति से जनहित व विकास कार्यों से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए।

पंचायत सचिव सुखराम ठाकुर द्वारा ग्राम सभा के लिए निर्धारित कार्यसूची के अलावा वित्त वर्ष 2025-26 में किए गए विकास कार्यों की आय-व्यय व बीपीएल सूची का ब्यौरा प्रस्तुत किया गया।

इस दौरान सर्वसम्मति से ग्राम पंचायत साई के समस्त 10 गांवों में फेरी वालो और अनजान लोगों की एंट्री पर पूर्णतया प्रतिबंध लगाने हेतु प्रस्ताव पारित किया गया। हालांकि साई पंचायत में यह प्रतिबंध पिछले 5 साल के कार्यकाल के दौरान ही लगा दिया गया था लेकिन अब नई कार्यकारिणी द्वारा भी औपचारिक रूप से इसका नवीनीकरण किया गया है। इसके अलावा पंचायत के किसी भी गांव में अब प्रवासी मजदूर को किराए पर कमरा लेने से पूर्व मकान मालिक को सत्यापन के साथ पंचायत कार्यालय में पंजीकरण कराना अनिवार्य कर दिया गया है। 

इस दौरान सर्वसम्मति से किन्नरों को विवाह व बालक के जन्म पर दी जाने वाली न्यूनतम शगुन राशि 1100 रुपये निर्धारित की गई।

ग्राम सभा में वार्ड सदस्य अनंतराम, नीमा देवी, हरीदास, निशा देवी, मीरा देवी, भूतपूर्व उप प्रधान नरसिंह दास, तकनीकी सहायक मदन लाल, जीआरएस मोनिका, आंगनबाडी कार्यकर्ता, आशा वर्कर, स्वयं सहायता समूह सदस्य समेत अन्य ग्रामवासियों ने भाग लिया।

Follow us on Social Media
error: Content is protected !!