बेटे को बचाने दौड़ी मां, अपनी जान गंवा बैठी, आरोपी गिरफ्तार

बेटे को बचाने दौड़ी मां, अपनी जान गंवा बैठी, आरोपी गिरफ्तार! पुलिस थाना अर्की का है मामला! 

बाघल टाइम्स

अर्की ब्यूरो (28 जुलाई)पुलिस थाना अर्की के अंतर्गत गांव कुईरू में मामूली विवाद ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। गांव के ही एक व्यक्ति ने पहले एक युवक का रास्ता रोककर उसके साथ मारपीट की। बेटे को बचाने पहुंची उसकी मां को आरोपी ने धक्का दे दिया, जिससे वह करीब 10 फीट नीचे डंगे पर जा गिरीं। सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण महिला की मौत हो गई।  

 

उधर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद महिला का शव परिजनों को सौंप दिया गया।

 

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गांव कुईरू निवासी अनु पुत्र विजय सिंह पहले से रास्ते में बैठा था। उसने शुभम का रास्ता रोककर  उसका गला पकड़कर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर शुभम की मां मौके पर पहुंचीं और दोनों को छुड़ाने का प्रयास किया। इसी दौरान आरोपी ने महिला को जोरदार धक्का दे दिया और वह करीब 10 फीट के डंगे से नीचे गिर गई। महिला को गंभीर हालत में सिविल अस्पताल अर्की ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

 

मंगलवार को एस पी सोलन टी साई दत्तात्रेय वर्मा तथा डी एसपी नवीन  झालटा थाना प्रभारी हरि चंद तथा फोरेंसिक टीम के अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा घटना स्थल के साक्ष्य जुटाए गए। 

 

मामले की पुष्टि करते हुए एसपी सोलन टी साई दत्तात्रेय वर्मा  ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए आईजीएमसी शिमला भेजा गया था।  जिसके पश्चात पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने आरोपी अनु पुत्र विजय सिंह निवासी गांव कुईरू को गिरफ्तार कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया है और मामले की जांच जारी है।

Follow us on Social Media
error: Content is protected !!