दाड़लाघाट कॉलेज में रोजगार एवं कौशल विकास कार्यक्रम का आयोजन।
बाघल टाइम्स
अर्की ब्यूरो : ( 31 जुलाई ) राजकीय महाविद्यालय दाड़लाघाट में आईटीआई अंबुजा फाउंडेशन द्वारा विद्यार्थियों के लिए रोजगार एवं कौशल विकास संबंधी एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को स्विंग मशीन ऑपरेटर, टैली ट्रेनी, जनरल ड्यूटी असिस्टेंट, फूड एंड बेवरेज, सॉफ्ट स्किल ट्रेनिंग तथा इंग्लिश स्पीकिंग सहित विभिन्न कौशल-आधारित पाठ्यक्रमों की जानकारी प्रदान की गई। इस दौरान बताया गया कि फिलहाल महाविद्यालय के विद्यार्थियों के लिए फूड एंड बेवरेज तथा टैली कोर्स उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इच्छुक विद्यार्थी अपनी नियमित स्नातक की पढ़ाई के साथ इन कौशल-आधारित पाठ्यक्रमों में प्रशिक्षण प्राप्त कर सकते हैं, जिससे उनके संचार कौशल, व्यक्तित्व विकास तथा रोजगार की संभावनाओं में वृद्धि होगी। यह कार्यक्रम राजकीय महाविद्यालय दाड़लाघाट के करियर काउंसलिंग एवं प्लेसमेंट सेल के तत्वावधान में आयोजित किया गया। सेल के प्रभारी डॉ. जय प्रकाश शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि ऐसे कार्यक्रमों का उद्देश्य विद्यार्थियों को उद्योगों की वर्तमान आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल विकास के लिए प्रेरित करना तथा उन्हें रोजगारोन्मुखी बनाना है। उन्होंने विद्यार्थियों से इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों का अधिकाधिक लाभ उठाकर अपने उज्ज्वल भविष्य के निर्माण की दिशा में सक्रिय रूप से आगे बढ़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के वर्तमान विद्यार्थियों के साथ-साथ पास आउट विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा उपलब्ध कराए जा रहे कौशल विकास एवं रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण कार्यक्रमों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
