नेशनल हाईवे पर भूस्खलन की चपेट में आने से तीन की मौत


बाघल टाइम्स नेटवर्क

सिरमौर जिले के पांवटा साहिब-शिलाई नेशनल हाईवे पर भूस्खलन की चपेट में आने से तीन लोगों की मौत हो गई है।
बताया जा रहा है कि सोमवार को मीनस के पास निर्माणाधीन नेशनल हाईवे पर कुछ मजदूर काम में जुटे हुए थे। इस बीच अचानक पहाड़ी से भूस्खलन हो गया। इस दौरान तीन लोग इसकी चपेट में आ गए, जिसमें पोकलेन मशीन ऑपरेटर जितेंद्र व अशोक कुमार मलबे में दब गए।

वहीं, ट्रैक्स वाहन चालक काहन सिंह भी मलबे की चपेट में आ गया। इसके बाद आसपास में काम कर रहे मजदूर भी मौके पर एकत्र हुए और तीनों को मलबे से बाहर निकाला गया। घायलों में काहन सिंह की मौके पर मौत हो गई। जबकि, अन्य दो घायलों ने चौपाल अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।

डीएसपी बीर बहादुर ने बताया कि शिलाई के मीनस के पास नेशनल हाईवे में काम करते समय भूस्खलन होने से तीन लोगों की मौत हुई है। पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है।

Follow us on Social Media
error: Content is protected !!