जन्म के एक घंटे बाद नवजात को झाड़ियों में फेंक मां हुई फरार, बच्चे ने तोड़ा दम


image

बाघल टाइम्स नेटवर्क

हिमाचल के बिलासपुर जिले मे झंडूता के तहत घंडीर में ममता शर्मसार हुई है। यहां एक मां नवजात बच्चे को जन्म देने के एक घंटे के बाद झाड़ियों में फेंककर फरार हो गई। उधर पुलिस ने महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है जानकारी के अनुसार बच्चा सुनसान जगह पर झाड़ियों में रो रहा था। बच्चे के रोने की आवाज सुन लोगों ने उसे वहां से उठाया और 108 एंबुलेंस में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरठीं पहुंचाया। उस समय बच्चा मात्र 8 घंटे का था। वहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया जहां बच्चे ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मां की तलाश शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत घंडीर के गांव घंडीर में शनिवार सुबह 5:15 बजे झाड़ियों में एक नवजात बच्चे के रोने की आवाज लोगों ने सुनी। लोगों ने नवजात को वहां से उठाया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पंचायत प्रधान नीलम धीमान और उपप्रधान विजय कौशल को दी। उन्होंने मौके पर पहुंच कर तलाई पुलिस को जानकारी दी।

पुलिस टीम मौके पर पहुंची। बच्चे को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरठीं और बाद में जिला अस्पताल पहुंचाया गया। लेकिन इलाज के दौरान बच्चे ने दम तोड़ दिया। खंड स्वास्थ्य अधिकारी अरविंद टंडन ने बताया कि शिशु का वजन मात्र 13 सौ ग्राम था। घुमारवीं के डीएसपी अनिल ठाकुर ने पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है।

Follow us on Social Media
error: Content is protected !!