बाघल टाइम्स नेटवर्क
14नवम्बर/ भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने भाजपा के प्रमुख नेताओं की 15 नवंबर को चंडीगढ़ में बैठक बुला ली है। इसमें भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह और प्रभारी अविनाश राय खन्ना की विशेष उपस्थिति में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कश्यप और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर समीक्षा करेंगे। इसमें चारों सीटों पर हार के कारणों पर चर्चा होगी।

चर्चा के बाद कोर ग्रुप की अलग से बैठक होनी है। इसमें चर्चा के बाद केंद्रीय नेतृत्व को रिपोर्ट सौंपी जाएगी, जिसके बाद हार के लिए जिम्मेवार रहे कई भितरघाती और लापरवाह नेताओं पर भी कार्रवाई तय है। भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व के स्तर पर हलचल के बाद सरकार और संगठन के स्तर पर भी कई बदलाव तय माने जा रहे हैं। खुद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर भितरघात को हार का एक कारण बता चुके हैं।
उपचुनाव में मंडी लोकसभा सीट सहित जुब्बल-कोटखाई, फतेहपुर और अर्की में हार के बाद पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व हरकत में आ गया है। भाजपा हाईकमान ने इस संबंध में पहले ही रिपोर्ट तलब की है। सभी प्रत्याशियों और भाजपा मंडल अध्यक्षों को भी रिपोर्ट देने को कहा है। बीते शनिवार दोपहर मंडी सीट के प्रभारी मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर और मंत्री रामलाल मारकंडा से पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने भाजपा प्रत्याशी को मिली हार से खफा दिखे।
