अर्की के भूमती में खेलकूद प्रतियोगिताओं का आगाज।
बाघल टाइम्स
अर्की ब्यूरो : ( 18 अक्तूबर ) उपमंडल की भूमती पंचायत में हिमशिखर खेल समिति द्वारा आयोजित खेलकूद कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राकेश ठाकुर ने किया।
इस अवसर मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि युवाओं द्वारा खेलकूद गतिविधियों को बढ़ावा देने की यह एक सराहनीय पहल है। आज के समय में युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने के लिए इस प्रकार के खेलकूद कार्यक्रम समय-समय पर आयोजित होते रहने चाहिए। खेल युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के साथ-साथ उनमें अनुशासन, आपसी भाईचारे और प्रतिस्पर्धा की भावना भी विकसित करते हैं।

उन्होंने स्थानीय युवा नेता एवं उपप्रधान ग्राम पंचायत भूमती विनय शर्मा की भी प्रशंसा करते हुए कहा कि विनय शर्मा एक जोशीले और ऊर्जावान युवा नेता हैं। ऐसे युवाओं से समाजहित में इस प्रकार की सकारात्मक गतिविधियों की उम्मीद की जा सकती है। उन्होंने कहा कि समाज के विकास और युवाओं को सही दिशा देने के लिए ऐसे लोगों का आगे आना आवश्यक है।
इस दौरान मुख्य अतिथि ने स्थानीय युवाओं से मुलाकात की और खेलों को बढ़ावा देने के लिए उनके प्रयासों की सराहना की। उन्होंने हिमशिखर खेल समिति के मुख्य आयोजक कुनाल शर्मा, हिमांशु, जतिन, गौरव, अकुल, अनुज सहित सभी युवा सदस्यों के योगदान की प्रशंसा करते हुए उनकी सहभागिता को सराहा।
उन्होंने आयोजक समिति के युवाओं की सराहना करते हुए समिति को 5,100 रुपये की राशि प्रदान की।
इस अवसर पर संदीप ठाकुर, ग्राम पंचायत भूमती के पूर्व प्रधान प्रवीण शर्मा, पूर्व बीडीसी सदस्य आशा शर्मा, जय नंद शर्मा, जय चंद शर्मा, मुकेश शर्मा, सुधीर शर्मा, सच्ची शर्मा, परमानंद शर्मा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं स्थानीय युवा मौजूद रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं ने खेलों के प्रति जागरूकता बढ़ाने, आपसी भाईचारे को मजबूत करने तथा युवा पीढ़ी को नशे से दूर रखकर स्वस्थ एवं सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने का संदेश दिया। हिमशिखर खेल समिति भूमती की इस पहल को स्थानीय स्तर पर युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण और प्रेरणादायक कदम माना जा रहा है।