राजकीय महाविद्यालय दाड़लाघाट में स्नातक प्रथम वर्ष में प्रवेश के लिए सुनहरा अवसर
बाघल टाइम्स
अर्की ब्यूरो (04 जुलाई)उच्चतर शिक्षा विभाग, हिमाचल प्रदेश के शिक्षा निदेशालय द्वारा विद्यार्थियों के हित को ध्यान में रखते हुए स्नातक प्रथम वर्ष में प्रवेश की अंतिम तिथि 10 जुलाई 2026 तक बढ़ा दी गई है। राजकीय महाविद्यालय, दाड़लाघाट में बी.ए. एवं बी.कॉम. प्रथम वर्ष की प्रवेश प्रक्रिया सुचारु रूप से जारी है। ऐसे विद्यार्थी जो किसी कारणवश अब तक प्रवेश नहीं ले सके हैं, उनके लिए यह एक सुनहरा अवसर है। इच्छुक विद्यार्थी आवश्यक दस्तावेजों के साथ 10 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन माध्यम से अपना प्रवेश सुनिश्चित कर सकते हैं।
महाविद्यालय प्रशासन ने जानकारी दी है कि प्रवेश रिक्त (Vacant) सीटों के आधार पर प्रदान किया जाएगा। इसलिए इच्छुक विद्यार्थी अंतिम तिथि की प्रतीक्षा किए बिना शीघ्र अपना प्रवेश सुनिश्चित करें, ताकि उपलब्ध सीटों का लाभ प्राप्त कर सकें। महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. रुचि रमेश ने विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से अपील की है कि वे विस्तारित प्रवेश अवधि का अधिकतम लाभ उठाते हुए समय रहते प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण करें। उन्होंने कहा कि राजकीय महाविद्यालय, दाड़लाघाट में अनुभवी एवं योग्य प्राध्यापकों द्वारा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक शैक्षणिक वातावरण, समृद्ध पुस्तकालय, खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों सहित विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक सभी सुविधाएँ उपलब्ध कराई जा रही हैं।
महाविद्यालय प्रशासन ने विश्वास व्यक्त किया है कि अधिक से अधिक विद्यार्थी इस अवसर का लाभ उठाकर राजकीय महाविद्यालय, दाड़लाघाट परिवार का हिस्सा बनेंगे तथा अपने उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखेंगे।
