महाविद्यालय दाड़लाघाट में अब छात्र 30 जून तक ले सकेंगे दाखिला! 

महाविद्यालय दाड़लाघाट में अब छात्र 30 जून तक ले सकेंगे दाखिला

बाघल टाइम्स

अर्की ब्यूरो (23 जून)राजकीय महाविद्यालय दाड़लाघाट में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए बी.ए. प्रथम वर्ष की प्रथम मेरिट सूची जारी कर दी गई है। इस वर्ष प्रवेश प्रक्रिया में विद्यार्थियों एवं अभिभावकों की अभूतपूर्व रुचि देखने को मिली है। उल्लेखनीय है कि विद्यार्थियों द्वारा राजकीय महाविद्यालय दाड़लाघाट को अपनी उच्च शिक्षा के लिए चुनना इस बात का स्पष्ट संकेत है कि महाविद्यालय ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासित शैक्षणिक वातावरण तथा विद्यार्थी-केंद्रित गतिविधियों के माध्यम से अपनी एक विशिष्ट पहचान स्थापित की है। यह उपलब्धि महाविद्यालय की सेल्फ असेसमेंट रिपोर्ट (SAR) में दर्ज उत्कृष्ट प्रदर्शन को भी चरितार्थ करती है।

गौरतलब है कि विगत वर्ष हुए मूल्यांकन में राजकीय महाविद्यालय दाड़लाघाट ने टियर-3 महाविद्यालयों की श्रेणी में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपनी सशक्त शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रमीय गतिविधियों का परिचय दिया था।

 

क्षेत्र के अभिभावकों द्वारा अपने बच्चों के लिए महाविद्यालय का चयन करना संस्थान के अध्यापकों की शैक्षणिक प्रतिबद्धता, मार्गदर्शन तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के प्रति उनके समर्पण पर व्यक्त किए गए विश्वास का प्रतीक है।महाविद्यालय प्रशासन ने बताया कि उच्चतर शिक्षा विभाग, हिमाचल प्रदेश द्वारा विद्यार्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए प्रवेश की अंतिम तिथि को बढ़ाकर 30 जून 2026 कर दिया गया है। ऐसे सभी विद्यार्थी जिन्होंने अभी तक प्रवेश नहीं लिया है, वे निर्धारित तिथि से पूर्व अपनी प्रवेश संबंधी औपचारिकताएँ पूर्ण कर सकते हैं।

 

विशेष उल्लेखनीय है कि वर्तमान शैक्षणिक सत्र से महाविद्यालय की कक्षाएँ नव निर्मित भवन में संचालित की जाएँगी।  भवन में विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण, पर्याप्त कक्षाएँ तथा आधुनिक सुविधाएँ उपलब्ध होंगी। महाविद्यालय प्रशासन विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ आवश्यक आधारभूत सुविधाएँ उपलब्ध करवाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। विद्यार्थियों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उन्हें बेहतर शिक्षण, पुस्तकालय, आईसीटी आधारित अधिगम सुविधाएँ, सह-पाठ्यक्रमीय गतिविधियाँ तथा अन्य आवश्यक सुविधाएँ प्रदान करने की दिशा में सतत कार्य किया जा रहा है।

महाविद्यालय के प्राचार्या डॉ रुचि रमेश ने इस अवसर पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि उच्च मेरिट वाले विद्यार्थियों का महाविद्यालय की ओर आकर्षित होना संस्थान की निरंतर प्रगति, समर्पित अध्यापक वर्ग तथा उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण का परिणाम है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि आगामी वर्षों में भी महाविद्यालय शिक्षा, अनुसंधान, खेल, सांस्कृतिक एवं सामाजिक गतिविधियों के क्षेत्र में नई ऊँचाइयों को प्राप्त करेगा।

महाविद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से अपील की है कि वे बढ़ाई गई समय-सीमा का लाभ उठाते हुए समय रहते प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण करें तथा गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा के लिए राजकीय महाविद्यालय दाड़लाघाट से जुड़ें।

Follow us on Social Media
error: Content is protected !!