नेम चन्द ठाकुर को मिला शब्दसत्ता सम्मान

नेम चन्द ठाकुर को मिला शब्दसत्ता सम्मान 

बाघल टाइम्स

शिमला ब्यूरो (20 अप्रैल) लखनऊ से प्रकाशित साहित्यिक- सांस्कृतिक पत्रिका ‘शब्दसत्ता’ तथा हिमालय साहित्य संस्कृति मंच के संयुक्त संयोजन में गेयटी थियेटर सभागार में शब्दसत्ता सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इसमें हिमाचली इतिहास व संस्कृति के अध्येता नेम चन्द ठाकुर को शब्दसत्ता सम्मान से सम्मानित किया गया।

सम्मान स्वरूप उन्हें 11,000/रुपये की धनराशि अंग वस्त्र, प्रतीक चिन्ह तथा सम्मान-पत्र भेंट किया गया। इस मौके पर शब्दसत्ता के नेम चन्द ठाकुर विशेषांक का विमोचन भी किया गया।

समारोह में बतौर मुख्य अतिथि लखनऊ के कवि व अप्रतिम पत्रिका के संपादक वीरेन्द्र कुमार सिंह ने कहा कि इतिहास और साहित्य का मिश्रण एक मणिकांचन संयोग है जो नेम चन्द ठाकुर में है। ऐसे व्यक्तियों को सम्मानित करने से पुरस्कार की गरिमा बढ़ती है। नेम चन्द ठाकुर ने शब्दसत्ता सम्मान दिये जाने को ख़ुद के लिए गौरवान्वित करने वाला अवसर बताते हुए इसके लिए शब्दसत्ता परिवार का आभार जताया।

कार्यक्रम के अध्यक्ष प्रख्यात कथाकार एसआर हरनोट ने कहा कि किसी शहर में जाकर सम्मान देने से सिर्फ लेखक नहीं, बल्कि उस शहर का भी सम्मान होता है। शब्दसत्ता के इस सम्मान से शिमला शहर भी सम्मानित हुआ है।

शब्दसत्ता के संपादक सुशील सीतापुरी ने अतिथियों का स्वागत व धन्यवाद ज्ञापन किया। संचालन दिनेश शर्मा ने किया। समारोह में बड़ी संख्या में साहित्यप्रेमी मौजूद रहे।

Follow us on Social Media
error: Content is protected !!