कांग्रेस के 35 प्रत्याशीयों के नाम हुए फाइनल, 20 सिटिंग विधायकों के टिकट बरकरार

 बाघल टाइम्स नेटवर्क

हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने 35 प्रत्याशियों के नाम तय कर दिए हैं।  मंगलवार को नई दिल्ली में कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी की अध्यक्षता में केंद्रीय चुनाव कमेटी ने सभी 68 में से 46 विधानसभा सीटों पर मंथन किया। फिलहाल 46 में से 11 सीटों पर सहमति नहीं बन सकी।

 

मंगलवार क बैठक में वर्तमान 20 विधायकों को दोबारा प्रत्याशी बनाने का फैसला लिया गया। इनके अलावा तीन पूर्व मंत्रियों कौल सिंह ठाकुर को द्रंग, चंद्र कुमार को जवाली और प्रकाश चौधरी को बल्ह से टिकट देने पर सहमति बनी है।

 

पांच पूर्व विधायक रामकुमार चौधरी को दून, किरनेश जंग को पांवटा साहिब, सोहनलाल को सुंदरनगर, कुलदीप पठानिया को भटियात और राजेश धर्माणी को घुमारवीं से प्रत्याशी बनाया जाएगा। पच्छाद से दयाल प्यारी, झंडूता से विवेक कुमार, नगरोटा से रघुवीर सिंह बाली को चुनाव मैदान में उतारने पर सहमति बनी है। 

इसके अलावा नाहन से अजय सोलंकी, कसौली से विनोद सुल्तानपुरी, चंबा सदर से नीरज नैय्यर और मनाली से भुवनेश्वर गौड़ पर दाव खेलने का फैसला लिया गया है।

 

 केंद्रीय चुनाव कमेटी ने ऐसे चेहरों को पहले चरण में प्रत्याशी बनाने का फैसला लिया है, जिन्हें पार्टी जिताऊ मान रही है। केंद्रीय चुनाव कमेटी की बैठक में पूर्व केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा, अंबिका सोनी, दीपादास मुंशी, हिमाचल के पार्टी प्रभारी राजीव शुक्ला, प्रदेश चुनाव समिति के अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू, पार्टी प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह और विपक्ष के नेता मुकेश अग्निहोत्री भी शामिल हुए। 

Follow us on Social Media
error: Content is protected !!