लोक मित्र केंद्रों में भी मिलेगा बाजार से 15 फीसदी सस्ता राशन

बाघल टाइम्स नेटवर्क

हिमाचल प्रदेश के 18.50 लाख राशनकार्ड उपभोक्ताओं के साथ-साथ अन्य लोगों को भी अब बाजार मूल्य से 15 फीसदी तक सस्ता राशन और अन्य सामान मिलेगा। यह सामान नामी कंपनियों का होगा। इनमें आटा, चावल, मसाले, हर तरह की दालें, साबुन, बॉडी पाउडर, क्रीम तथा अन्य रोजमर्रा की वस्तुएं शामिल हैं। खाद्य आपूर्ति निगम ने सामान उपलब्ध करवाने वाली करीब 12 नामी कंपनियों के साथ एमओयू साइन किए हैं। यह सामान डिपुओं के अलावा प्रदेश के चार हजार लोकमित्र केंद्रों में उपलब्ध होगा। इसे लेकर भी लोक मित्र केंद्रों के संचालक सीएससी-ई स्टोर कंपनी के साथ समझौता ज्ञापन हुआ है।   

 

 

खाद्य आपूर्ति निगम ने लोक मित्र केंद्र संचालकों को निर्देश जारी कर दिए हैं कि वे अपने केंद्रों में सामान रखने के लिए जगह उपलब्ध करवा लें। मार्च से यह सप्लाई शुरू कर दी जाएगी। लोक मित्र केंद्र संचालकों का 10 फीसदी कमीशन रहेगा। महंगाई पर लगाम लगाने के लिए खाद्य आपूर्ति निगम ने यह रास्ता निकाला है। इसके अलावा लोक मित्र केंद्र संचालक की मांग पर भी सामान उपलब्ध कराया जाएगा। खाद्य आपूर्ति निगम की माने तो डिपुओं में भी सस्ते सामान की सप्लाई भेजी जाएगी। प्रदेश के कई डिपुओं में जगह की तंगी है। ऐसे में सरकार ने लोगों को लोक मित्र केंद्रों में सामान उपलब्ध कराने का फैसला लिया है।

 

इन कंपनियों का सामान आएगा लोक मित्र केंद्रों में

टाटा, मार्बल, अल्फा, मदर च्वॉयस, देव दर्शन धूप, फार्मा फील्ड आदि कंपनियां शामिल हैं।

 

लोक मित्र केंद्रों में सस्ता राशन और रोजमर्रा की वस्तुएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। सरकार की ओर से विभागीय औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। मार्च और अप्रैल से सप्लाई कर दी जाएगी। – राजेंद्र गर्ग, खाद्य आपूर्ति मंत्री


 

Follow us on Social Media
error: Content is protected !!