शौच का बहाना बनाकर कैदी हुआ फरार


image

बाघल टाइम्स नेटवर्क

12 सितम्बर – अपनी मां की बरसी के लिए एक दिन की पैरोल पर घर आया कैदी शौच जाने का बहाना बनाकर फरार हो गया। कैदी शौच के बहाने खेत में गया था और मक्की की आड़ लेकर भाग गया।

हालांकि, उसके साथ गए पुलिस कर्मचारियों ने उसका पीछा किया, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद उच्च अधिकारियों को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही नजदीकी पुलिस चौकी ब्रंगाल की टीम ने कैदी को पकड़ने के लिए नाकेबंदी कर दी और उसे तीन घंटे बाद अथेड़ के समीप मलूर में पकड़ भी लिया गया।
बताया जा रहा है कि दुष्कर्म के आरोप में वह चंबा की राजपुरा जेल में सजा काट रहा है। दुष्कर्म के आरोप में सजा काट रहे कैदी की मां का देहांत एक साल पहले हो गया था। मां की बरसी थी इसके लिए वह एक दिन की पैरोल पर घर आया था। इस दौरान पुलिस जवान भी साथ थे। दोपहर बाद करीब ढाई बजे वह शौच का बहाना बनाकर मक्की के खेत में चला गया। मौका पाकर पुलिस कर्मियों की आंखों में धूल झोंक कर वहां से फरार हो गया।

सूचना मिलते ही ब्रंगाल पुलिस चौकी की टीम में प्रभारी योगेश कुमार, प्रकाश चंद और कांस्टेबल अमित कुमार ने कैदी को तीन घंटे बाद अथेड़ के समीप स्थित मलूर नामक स्थान पर पकड़ लिया। उसके विरुद्ध भागने का प्रयास करने पर पुलिस थाना किहार में भी एक और मामला दर्ज करवाया है। एसपी चंबा अरुल कुमार ने खबर की पुष्टि की है।

Follow us on Social Media
error: Content is protected !!