दूध की थैली पर विवाद, कारोबारी के पेट में घोंप दिया चाकू


बाघल टाइम्स

शिमला ब्यूरो (07 सितम्बर)  शिमला में देर रात एक कारोबारी पर युवक ने चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी ने कारोबारी के पेट में चाकू घोंपा है। घायल कारोबारी चेतन का आईजीएमसी में उपचार चल रहा है। मामले में पुलिस ने आरोपी सौरव को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार पीड़ित चेतन की मिडल बाजार में दुकान है। देर शाम वह दुकान को बंद कर रहा था। इस बीच युवक आया और कारोबारी से दूध की थैली मांगी। कारोबारी ने युवक को दूध की थैली पकड़ा दी । इसने दूध की थैली की कीमत को लेकर कारोबारी के साथ बहस शुरू कर दी। कुछ देर बाद युवक ने कारोबारी के पेट में चाकू घोंप दिया। इस बीच मौजूद लोग बीच-बचाव में उतरे। कारोबारी लहूलुहान हालत में पड़ा था।

पुलिस को भी घटना की सूचना दी गई। स्थानीय लोग घायल कारोबारी को उपचार के लिए अस्पताल ले गए। बताया जा रहा है कि हमला पुरानी रंजिश के चलते किया गया है। सुबह भी कारोबारी और युवक के बीच बहस हुई थी लेकिन शाम तक जानलेवा हमले तक बढ़ गई। मामले के बाद शहर में खौफ का माहौल बना हुआ है। सदर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है। एसपी मोनिका भुटूंगरु ने बताया कि मिडल बाजार में दुकानदार पर जानलेवा हमला हुआ है। आरोपी को पकड़कर मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है।

.

Follow us on Social Media
error: Content is protected !!