कुनिहार की अंडर-14 बास्केटबॉल टीम ने जीता कांस्य
पार्थ चौहान और स्वस्तिक कश्यप का राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन
बाघल टाइम्स
कुनिहार ब्यूरो (12 सितम्बर) बी.एल. सेंट्रल पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल कुनिहार की अंडर-14 बास्केटबॉल टीम ने जिला स्तरीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक हासिल किया है। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बरोटीबाला में 10 से 12 सितंबर तक आयोजित प्रतियोगिता में कुनिहार के खिलाड़ियों ने दमदार खेल का प्रदर्शन करते हुए तीसरा स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता में विद्यालय के आठ खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। टीम ने पूरे मुकाबलों के दौरान शानदार तालमेल, अनुशासन और खेल भावना का परिचय दिया। खिलाड़ियों के बेहतर प्रदर्शन से विद्यालय परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल है। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए दून विधानसभा क्षेत्र के विधायक राम कुमार चौधरी ने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को सम्मानित कर उनका उत्साह बढ़ाया।

विद्यालय को दोहरी सफलता उस समय मिली, जब टीम के दो प्रतिभाशाली खिलाड़ियों पार्थ चौहान और स्वस्तिक कश्यप का चयन राज्य स्तरीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता के लिए हुआ। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता 11 से 13 अक्तूबर तक मंडी जिला में आयोजित की जाएगी। दोनों खिलाड़ियों के चयन से विद्यालय के साथ-साथ अभिभावकों में भी उत्साह है।
विद्यालय अध्यक्ष ने इस उपलब्धि पर PET अमर देव, DPE अरुणा शर्मा, सभी आठ खिलाड़ियों, उनके अभिभावकों और समस्त विद्यालय परिवार को बधाई दी। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और टीम भावना के कारण विद्यालय ने जिला स्तर पर अपनी पहचान बनाई है।
विद्यालय परिवार ने पार्थ चौहान और स्वस्तिक कश्यप सहित पूरी टीम को आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं। प्रबंधन ने उम्मीद जताई कि दोनों खिलाड़ी राज्य स्तर पर भी शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे।