अर्की से बाइक चोरी के मामले में 02 आरोपी गिरफ्तार।
बाघल टाइम्स
अर्की ब्यूरो : ( 20 जुलाई ) पुलिस थाना अर्की के अंतर्गत इलाके में बाइक चोरी के मामले में 02 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। बीते 07 जुलाई को अर्की निवासी नावेद ने पुलिस थाना अर्की में शिकायत दर्ज करवाई थी कि 04 जुलाई की रात्रि को उसकी बाइक ब्लू स्टार स्कूल के समीप से चोरी हो गई थी।

उक्त शिकायत के आधार पर पुलिस थाना अर्की में अभियोग पंजीकृत कर मामले की जांच शुरू की गई। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज तथा अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया गया। इस दौरान जानकारी मिली कि जिला शिमला के पुलिस थाना सुन्नी में बाइक चोरी के एक अन्य मामले में 02 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है। यह सूचना मिलने पर पुलिस थाना अर्की की टीम सुन्नी पहुंची तथा दोनों आरोपियों से पूछताछ की गई।
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि अर्की से बाइक भी उन्होंने ही चोरी की थी। इसके उपरांत पुलिस थाना अर्की की टीम ने न्यायालय से प्रोडक्शन वारंट प्राप्त कर दोनों आरोपियों मंदीप सिंह तथा गुरदीप सिंह को गिरफ्तार किया।
दोनों आरोपियों का चार दिन का पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया है। आरोपियों के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड का भी सत्यापन किया जा रहा है।