अब नहीं जाना होगा दूसरे शहर..अर्की महाविद्यालय में इग्नू की परीक्षाएं की आरंभ!
बाघल टाइम्स
अर्की ब्यूरो (04 जून) राजकीय महाविद्यालय अर्की में इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) द्वारा महाविद्यालय को विभिन्न पाठ्यक्रमों की परीक्षाओं के संचालन हेतु आधिकारिक परीक्षा केन्द्र के रूप में स्वीकृत किया गया है। जिसके चलते 1 जून, 2026 से इग्नू की टर्म एंड परीक्षाएं राजकीय महाविद्यालय अर्की में सफलतापूर्वक संचालित की जा रही हैं।
महाविद्यालय प्राचार्या सुनीता शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान परीक्षा सत्र में लगभग 200 विद्यार्थी विभिन्न इग्नू पाठ्यक्रमों की परीक्षाओं में सम्मिलित हो रहे हैं। परीक्षाएं इग्नू के दिशा-निर्देशों के अनुसार प्रतिदिन प्रातः एवं सायं सत्रों में आयोजित की जा रही हैं तथा परीक्षा संचालन हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।

प्राचार्या ने बताया कि अर्की में इग्नू परीक्षा केन्द्र स्थापित होने से क्षेत्र के विद्यार्थियों को अत्यधिक सुविधा प्राप्त हुई है। पूर्व में विद्यार्थियों को परीक्षाएं देने के लिए सोलन, शिमला अथवा बिलासपुर जैसे दूरस्थ केन्द्रों तक जाना पड़ता था, जिससे उन्हें समय और धन दोनों की अतिरिक्त व्यय वहन करना पड़ता था। अब स्थानीय स्तर पर परीक्षा केन्द्र उपलब्ध होने से विद्यार्थी सुविधाजनक एवं सहज वातावरण में अपनी परीक्षाएं दे पा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि यह सुविधा अर्की तथा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों के लिए विशेष रूप से लाभकारी सिद्ध होगी तथा दूरस्थ शिक्षा को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय प्रशासन इग्नू द्वारा प्रदान किए गए इस अवसर के लिए आभार व्यक्त करता है तथा भविष्य में भी विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है।