हिमाचल प्रदेश सरकार के मंत्रियों को मिले विभाग, युवा मंत्रियों को दी बड़ी जिम्मेवारीयां

हिमाचल प्रदेश सरकार के मंत्रियों को मिले विभाग

बाघल टाइम्स

शिमला ब्यूरो (12 जनवरी) मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अपने नए मंत्रिमंडल के मंत्रालयों का बंटवारा कर दिया है। बुधवार शाम को जारी अधिसूचना के अनुसार कर्नल धनीराम शांडिल स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता और श्रम एवं रोजगार विभागों के मंत्री होंगे वहीं चंद्र कुमार को कृषि और पशुपालन मंत्री बनाया गया है। शिलाई से चुनाव जीतकर आए हर्षवर्धन सिंह चौहान उद्योग, संसदीय कार्य और आयुर्वेद विभाग के मंत्री होंगे। किन्नौर से जगत सिंह नेगी राजस्व, बागबानी और जनजातीय विकास के मंत्री होंगे। जुब्बल कोटखाई से रोहित ठाकुर हायर एजुकेशन, एलिमेंट्री एजुकेशन, टेक्निकल एजुकेशन और वोकेशनल ट्रेनिंग के मंत्री होंगे।

 

शिमला के कसुम्पटी से अनिरुद्ध सिंह रूरल डिवेलपमेंट और पंचायती राज मंत्री होंग, जबकि विक्रमादित्य सिंह को पीडब्ल्यूडी और युवा सेवाएं एवं खेल विभाग का जिम्मा दिया गया है। यह अधिसूचना मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना की ओर से जारी हुई है।

 

हालांकि कैबिनेट में अभी तीन पद भरे जाना बाकी हैं और इससे पहले उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री को जल शक्ति विभाग परिवहन विभाग और भाषा विभाग का जिम्मा दिया गया था। बाकी सभी बचे हुए विभाग मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अपने पास रखे हैं। इनमें फाइनांस, सामान्य प्रशासन, होम, प्लानिंग, कार्मिक और अन्य सभी ऐसे महकमे हैं, जो अभी आबंटित नहीं हुए हैं। राज्य सरकार में फॉरेस्ट, शहरी विकास, टीसीपी, टूरिज़्म और ऊर्जा इत्यादि ऐसे बहुत विभाग हैं, जो अभी कैबिनेट के विस्तार के बाद बांटे जाने हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!