राशनकार्ड धारकों को दिसंबर माह में आधा किलो ज्यादा आटा मिलेगा

 राशनकार्ड धारकों को दिसंबर माह में आधा किलो ज्यादा आटा मिलेगा

बाघल टाइम्स नेटवर्क

हिमाचल में नवंबर के अंत और दिसंबर में बारिश और बर्फबारी की संभावना रहती है। ऐसे में खाद्य आपूर्ति निगम ने हिमाचल के बर्फीले क्षेत्रों में अतिरिक्त राशन का कोटा भेज दिया है। हिमाचल प्रदेश के 19.50 लाख राशनकार्ड धारकों को डिपुओं में इस माह आधा किलो ज्यादा आटा मिलेगा। चावल पहले की तरह छह किलो ही मिलेंगे।

 

 खाद्य नागरिक एवं उपभोक्ता मामले विभाग ने दिसंबर के लिए राशन की अलाटमेंट जारी कर दी है। बीते नवंबर में उपभोक्ताओं को प्रति राशनकार्ड साढ़े 12 किलो आटा दिया गया है। दिसंबर में 13 किलो आटा देने का फैसला लिया गया है। राशनकार्ड धारकों के लिए अन्य सस्ते राशन में तीन दालें मलका, माश और दाल चना, दो लीटर तेल (रिफाइंड और सरसों), 500 ग्राम प्रति व्यक्ति चीनी और एक किलो नमक शामिल है।

 

उपभोक्ताओं को यह राशन प्रदेश सरकार जबकि आटा और चावल केंद्र सरकार सब्सिडी पर उपलब्ध करा रही है। प्रदेश सरकार ने डिपो होल्डरों को महीने की पहली तारीख को गोदामों से राशन उठाने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा खाद्य नागरिक एवं उपभोक्ता मामले विभाग ने जिला नियंत्रक अधिकारियों को डिपो से खाद्य वस्तुओं के सैंपल लेने के निर्देश दिए हैं।

 

 

 

Follow us on Social Media
error: Content is protected !!