भेड़-बकरियों के झुंड पर भालू के हमले से साढे़ पांच सौ भेड़ – बकरियों की मौत 

बाघल टाइम्स नेटवर्क

शिमला जिले की चिड़गांव (रोहडू ) के जंगल में भालू के हमले में करीब साढे़ पांच सौ भेड़-बकरियों की मौत हो गई है। भालू ने हमला रात के समय चौगान में इकट्ठा भेड़-बकरियों के झुंड पर किया। सूचना के बाद प्रशासन ने टीम मौके पर भेजी है। 

 जानकारी के अनुसार चंद्रनाहन के जंगल में बरशील और पेखा के झटवाड़ी गांव से लोगों की भेड़-बकरियां चराने के लाई गई थीं। बताया जा रहा है कि बीते शनिवार की रात खुले मैदान में बैठे भेड़-बकरियों के झुंड पर भालू ने हमला बोल दिया। भालू के डर से करीब साढे़ पांच सौ भेड़-बकरियों  ढांक से कूद गईं। ढांक से गिरने के कारण इनकी मौत हो गई। 

 

हादसे के समय भेड़पालक समीप ही पानी के नाले के साथ सो रहे थे। उन्हें घटना का पता सुबह चला। मौके पर जाकर देखा तो भेड़-बकरियां मरी हुई थीं। उसके बाद उन्होंने खोजबीन की तो पास ही ढांक में संकड़ों भेड़-बकरियां मृत मिलीं। भेड़ पालकों ने इसकी सूचना एसडीएम रोहड़ू को दी। 

 उधर प्रशासन द्वारा मौके पर टीम रवाना कर दी गई। मौके पर मौजूद अधिकारियों से फोन पर सूचना मिली कि भालू के हमले में बरशील और भटवाड़ी गांव के 21 लोगों के मवेशी मरे हैं। 

 

एसडीएम सन्नी शर्मा ने कहा कि टीम मौके पर भेजी गई है। उनके लौटने पर मृत भेड़ बकरियों के सही आंकड़ा पता चल सकेगा। फिलहाल पांच से छह सौ भेड़-बकरियों के मरने की सूचना मिली है। 

Follow us on Social Media
error: Content is protected !!