प्रदेश की समृद्ध पर्यटन क्षमता को देश व विदेश में प्रसारित करने में अहम भूमिका निभाएगा डीडी हिमाचल : मुख्यमंत्री

बाघल टाइम्स

शिमला ब्यूरो (16 फरवरी)मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू तथा केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने आज पीटरहॉफ शिमला से दूरदर्शन के डीडी हिमाचल चैनल की 24 घंटे प्रसारण सेवाओं का शुभारंभ किया।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने लगभग 70 लाख आबादी वाले हिमाचल प्रदेश को 24 घंटे डीडी हिमाचल प्रसारण के लिए केंद्रीय मंत्री का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार में हिमाचल प्रदेश से संबंध रखने वाले मंत्री हैं, इसलिए यह सेवा शुरू हो पाई है। उन्होंने कहा कि दूरदर्शन के राष्ट्रीय प्रसारण की शुरुआत पूर्व प्रधानमंत्री स्व. इंदिरा गांधी ने की थी तथा समय के साथ-साथ दूरदर्शन में कई महत्वपूर्ण परिवर्तन आए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार राज्य को विकास की ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है, जिसके लिए केंद्र सरकार का सहयोग आवश्यक है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार दलगत राजनीति में विश्वास नहीं करती और केंद्र सरकार के साथ मिलकर प्रदेशवासियों को जन-सुविधाएं प्रदान करने और राज्य के विकास के लिए काम करेगी। केंद्र व प्रदेश की योजनाओं को आम आदमी तक पहुंचा कर उन्हें अधिक से अधिक लाभ देने का प्रयास किया जाएगा।

 

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की आर्थिकी पर्यटन पर निर्भर करती है तथा डीडी हिमाचल पर पर्यटन संबंधी गतिविधियों पर आधारित कार्यक्रमों से इस क्षेत्र को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पर्यटन बढ़ेगा तो इससे रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।

 

 इससे पूर्व केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री, युवा कार्य तथा खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू का कार्यक्रम में पधारने पर स्वागत किया 

अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि इस चैनल के माध्यम से देश की आजादी में भूमिका निभाने वाले देवभूमि के स्वतंत्रता सेनानियों तथा सेना में सेवाएं देने वाले वीर सैनिकों के साहस की शौर्य गाथाएं भी प्रस्तुत की जाएंगी। उन्होंने कहा कि डीडी हिमाचल पर आधे-आधे घंटे के तीन समाचार बुलेटिन प्रसारित किए जाएंगे। इसके अलावा प्रदेश में होने वाली विभिन्न गतिविधियों का इवेंट के रूप में लाइव प्रसारण किया जाएगा तथा हिमाचल प्रदेश से जुड़ी सभी जानकारियां डीडी हिमाचल पर उपलब्ध होंगी।

 

 

सांसद सुरेश कश्यप ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि डीडी हिमाचल का प्रसारण चौबीस घंटे होने से लोगों को बेहतरीन कार्यक्रम देखने को मिलेंगे और पूरी दुनिया को भी प्रदेश की समृद्ध संस्कृति के बारे में जानकारी प्राप्त होगी।

 

इस अवसर पर उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल, कृषि मंत्री चंद्र कुमार, राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह, मुख्य संसदीय सचिव संजय अवस्थी, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा, मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (मीडिया) नरेश चौहान, मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (आईटी) गोकुल बुटेल, मुख्यमंत्री के ओएसडी गोपाल शर्मा, विधायकगण, दूरदर्शन के वरिष्ठ अधिकारी तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Follow us on Social Media
error: Content is protected !!