पुलिस भर्ती :18 जुलाई से होगी उत्तीर्ण अभ्यर्थियों की वेरिफिकेशन, आदेश जारी

बाघल टाइम्स 

शिमला ब्यूरो13 जुलाई/ पुलिस कांस्टेबल भर्ती की लिखित परीक्षा में उत्तीर्ण 12,336 अभ्यर्थियों की वेरिफिकेशन (प्रमाण पत्र की जांच) 18 जुलाई (सोमवार) से होगी। हिमाचल प्रदेश पुलिस परीक्षा भर्ती बोर्ड की ओर से जिला पुलिस अधीक्षकों को यह आदेश जारी कर दिए हैं।

 

 

जिला स्तर पर पुलिस अधीक्षक कांस्टेबल की भर्ती की आगामी प्रक्रिया को पूरा करेंगे। लिखित परीक्षा में उत्तीर्ण अभ्यर्थियों में 9,629 पुरुष और 2,707 महिलाएं शामिल हैं। शिमला के इशांत हांडा 80 में से 64 अंक हासिल कर ओवरआल टॉपर रहे। 1,334 पदों के लिए 3 जुलाई को 69,405 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी थी। सितंबर में चयनित अभ्यर्थियों का प्रशिक्षण शुरू हो जाएगा।

 

उल्लेखनीय है कि पुलिस कांस्टेबल लिखित परीक्षा पेपर लीक मामले में 6 मई को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने परीक्षा रद्द कर मामले की जांच के लिए पुलिस की एसआईटी का गठन किया था। इसके बाद पुलिस ने कांगड़ा से ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था। मामला उजागर होने के बाद प्रदेश और बाहरी राज्यों से कई आरोपी गिरफ्तार हुए। अब तक इस मामले में 171 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ तीन चार्जशीट कोर्ट में दाखिल की हैं। 

 

 उधर एडीजी व पुलिस भर्ती परीक्षा बोर्ड चेयरमैन अभिषेक त्रिवेदी ने बताया कि 18 जुलाई से पुलिस अधीक्षकों को उत्तीर्ण अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की जांच करने को कहा गया है। कोशिश रहेगी कि चयनित अभ्यर्थियों का प्रशिक्षण सितंबर से शुरू किया जाएं। 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Follow us on Social Media
error: Content is protected !!