नेमचंद ठाकुर को हिमाचल गौरव पुरुस्कार मिलने पर क्षेत्र के कवि हुए गदगद
बाघल टाइम्स
अर्की ब्यूरो (15 अप्रैल) सोलन जिला के अर्की तहसील के गांव अंदरोली में जन्मे नेम चन्द ठाकुर को हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा उनकी इतिहास, संस्कृति एवम् साहित्य के प्रति उनकी सेवा को देखते उन्हें हिमाचल गौरव पुरस्कार मिलने पर हिमाचल प्रदेश के अग्रणी समीक्षक डॉ. हेमराज कौशिक , विश्व भर में अपने हिमालयी इतिहास, कला, संस्कृति के चर्चित लखारी डॉ. ओ.सी हांडा, पहाड़ी भाषा के प्रतिष्ठित कवि सच पाल, संस्कृत के प्रतिष्ठित कवि डॉ. प्रेमलाल गौतम, आधुनिक कविता के मर्मज्ञ विद्वान डॉ. मस्तराम शर्मा,युवा कवि डॉ. दिनेश शर्मा, इतिहास पारखी डॉ.राम लाल नेगी, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर व्यंग्य के माध्यम से अपनी कलम का लोहा मनवाने वाले व्यंग्यकार डॉ. अशोक गौतम एवम् जन जातीय क्षेत्र की संस्कृति के स्थापित हस्ताक्षर डॉ विद्या सागर नेगी ने सरकार का धन्यवाद कर प्रसन्नता व्यक्त की है।

इस अवसर पर डॉ. ओ सी हाण्डा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार ने नेमचंद ठाकुर को यह पुरस्कार देकर नवोदित लेखकों को लेखन की ओर उत्साहित करने का सराहनीय कार्य किया है। जबकि मौजूद दौर में युवा लेखन से दूर हो रहे हैं। निश्चित ही ऐसा होने पर युवा लेखकों में लेखन के प्रति रूचि एवं प्रतिबद्धता बढ़ेगी।

नेम चन्द ठाकुर राज्य, राष्ट्रीय एवम् अन्तर्राष्ट्रीय स्तरीय सेमिनारों में अनेक शोध पत्रों की प्रस्तुति करते रहे हैं।
उनकी अब तक निम्न पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं- गुलदस्ता (हिन्दी एवम् पहाड़ी कविता संग्रह) हिमाचल प्रदेश का इतिहास, कला, संस्कृति एवं प्रशासन,भारत का इतिहास(सह-लेखन), भटकु तथा अन्य कहानियाँ, हिमालयी इतिहास एवम संस्कृति के पुरोधा- डॉ ओ सी हाण्डा, सोलन जनपद- ऐतिहासिक एवम सांस्कृतिक परिदृश्य एवम् भारतीय भाषा लोक सर्वेक्षण के ‘हिमाचल प्रदेश की भाषाएँ’ नामक वॉल्यूम में ‘बागली’ भाषा पर सारगर्भित शोध आलेख।
इसके अतिरिक्त सोमसी, विपाशा, हिमप्रस्थ, पर्वतगाथा, हंस, इतवारी अखबार, शब्दसत्ता, विधानमाला, शैलसूत्र, हिम प्रतियोगिता संसार, हिमभारती, वर्तमान हलचल, जनसत्ता, अमर उजाला, दैनिक भास्कर, साप्ताहिक गिरिराज, सायरोत्सव तथा सृजनगाथा, रचनाकार आदि वेब पत्रिकाओं में विगत तीस वर्षों से निरंतर शोध पत्र, लेख, यात्रा संस्मरण, कहानियाँ प्रकाशित हो रही हैं।