तेज रफ्तार कार पेड़ से टकराई, युवती की मौत, चालक घायल

तेज रफ्तार कार पेड़ से टकराई, युवती की मौत, चालक घायल

बाघल टाइम्स

कुनिहार ब्यूरो (26 जनवरी ) पुलिस थाना कुनिहार  के अंतर्गत सड़क  दुर्घटना में एक एक युवती की मौत हो गई जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने बीएनएस की धारा 281, 125(ए) और 106(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक बीते रविवार  देर शाम थाना कुनिहार की टीम गश्त और मोबाइल नाकाबंदी के दौरान नए बस अड्डा चौक से पुराने बस अड्डा की ओर जा रही थी। इसी दौरान सड़क के बाईं ओर एक ग्रे रंग की स्विफ्ट कार (एचपी-11ए-6156) दुर्घटनाग्रस्त अवस्था में दिखाई दी।

मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ करने पर पता चला कि हादसे में घायल लोगों को राहगीरों की मदद से उपचार के लिए सिविल अस्पताल कुनिहार पहुंचाया गया है। इसके बाद पुलिस टीम तुरंत अस्पताल पहुंची जहां कार चालक आकाश ठाकुर पुत्र कृष्ण चंद ठाकुर निवासी गांव हाटकोट डाकघर कुनिहार तहसील अर्की, जिला सोलन घायल अवस्था में उपचाराधीन पाया गया।

वहीं कार में सवार युवती आहना चैटर्जी पुत्री श्याम चैटर्जी, निवासी गांव व डाकघर बनूटी, तहसील व जिला शिमला को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल अर्की के शवगृह भेजा गया है।

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि चालक आकाश ठाकुर कोठी चौक से पुराने बस अड्डा कुनिहार की ओर युवती के साथ जा रहा था। इस दौरान वाहन की गति अत्यधिक तेज थी और चालक ने वाहन को लापरवाहीपूर्वक चलाया, जिससे कार सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और मौत का कारण बनने के आरोप में मामला दर्ज किया है। साथ ही हादसे के कारणों की गहन जांच की जा रही है।

Follow us on Social Media
error: Content is protected !!