
आगामी वित्त वर्ष में प्रदेश में 18 राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल निर्मित होंगे: मुख्यमंत्री
बाघल टाइम्स
शिमला ब्यूरो (06 मार्च) मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने रविवार सायं हमीरपुर जिले के सुजानपुर टीहरा में राष्ट्र स्तरीय होली उत्सव की पहली सांस्कृतिक संध्या का शुभारम्भ किया। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि लोगों के आशीर्वाद और सहयोग से आने वाले 10 वर्षों के दौरान हिमाचल, देश का सबसे समृद्ध राज्य बनकर उभरेगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेश में आगामी वित्त वर्ष में 18 राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल निर्मित करने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि इन स्कूलों के लिए भूमि चिन्हित कर ली गई है। राज्य सरकार ने चरणबद्ध तरीके से प्रदेश भर में प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में इन स्कूलों को निर्मित करने की योजना बनाई है। ये स्कूल 100 कनाल से अधिक परिसर में निर्मित किए जाएंगे और इन स्कूलों में विद्यार्थियों के लिए अत्याधुनिक सुविधाएं और गुणात्मक शिक्षा प्रदान की जाएगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करने के लिए कड़े निर्णय लेने की आवश्यकता है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि पूर्व भाजपा सरकार ने अपने कार्यकाल के दौरान प्रदेश को आर्थिक बदहाली की स्थिति में पहुंचाया है, जिस कारण उनके पांच वर्ष के कार्यकाल में प्रदेश के विकास कार्य बाधित हुए हैं। पूर्व भाजपा सरकार ने अपने कार्यकाल के अन्तिम छः महीनों में 900 से अधिक संस्थानों को बिना बजट प्रावधान के खोला व स्तरोन्नत किया। इनके संचालन पर राज्य सरकार पर पांच हजार करोड़ रुपये का अतिरिक्त बोझ पड़ रहा था।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने अनाथ बच्चों को सहारा प्रदान करनेे के लिए मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना शुरू की है। इस योजना के अन्तर्गत सरकार अनाथ बच्चों को चिर्ल्डन ऑफ द स्टेट के रूप में गोद लेगी और उनकी उच्च शिक्षा, जेब खर्च, हवाई यात्रा और वर्ष में एक बार तीन सितारा होटल में उनके ठहरने के लिए धनराशि प्रदान करेगी।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने अनाथ बच्चों को सहारा प्रदान करनेे के लिए मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना शुरू की है। इस योजना के अन्तर्गत सरकार अनाथ बच्चों को चिर्ल्डन ऑफ द स्टेट के रूप में गोद लेगी और उनकी उच्च शिक्षा, जेब खर्च, हवाई यात्रा और वर्ष में एक बार तीन सितारा होटल में उनके ठहरने के लिए धनराशि प्रदान करेगी।
इस अवसर पर विधायक इन्द्र दत्त लखनपाल, आशीष शर्मा, सुरेश कुमार, संजय रत्न, यादविन्द्र गोमा, मुख्यमंत्री के राजनैतिक सलाहकार सुनील शर्मा, कांगड़ा केन्द्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, पूर्व मुख्य संसदीय सचिव सोहन लाल ठाकुर, कांग्रेेस नेता पुष्पेन्द्र वर्मा और अन्य वरिष्ठ अधिकारी इस अवसर पर उपस्थित थे ।
