शिकारी के गिरने पर चली गोली, साथी की मौत, पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की कार्रवाई

शिकारी के गिरने पर चली गोली, साथी की मौत, पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की कार्रवाई

बाघल टाइम्स नेटवर्क   

पांवटा साहिब के गांव डांडा काला अंब में एक शिकारी से गलती से चली गोली की चपेट में आने से शिकारियों में से ही एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार मेहर सिंह पुत्र जालम सिंह निवासी गांव डाण्डा काला अंब तहसील पांवटा साहिब ने पुलिस को दिए बयान में कहा है कि धर्म सिंह इसका छोटा भाई था। बीते शुक्रवार शाम को वे दोनों अपने मामा के घर बस्ताना (बांस) मुड़ा लेकर मेहमानी में गए थे। समधी यशवंत सिंह के साथ दोनों भाई शाम करीब छह बजे जंगल की तरफ शिकार पर निकले। छोटा भाई धर्म सिंह आगे-आगे चल रहा था। उसके पीछे यशवंत सिंह अपनी बंदूक को कंधे पर लटका कर चल रहा था ।

 

जब ये लोग घर से थोड़ी दूरी पर पहुंचे तो यशवंत सिंह का पैर फिसलने पर उसके कंधे पर लटकी बंदूक नीचे गिर गई और बंदूक से गोली चल गई। गोली आगे चल रहे धर्म सिंह की बाईं टांग के घुटने के पीछे लग गई, जिससे वह नीचे गिर गया और उसकी टांग से खून बहने लगा। उसे तुरंत उठाकर पांवटा साहिब अस्पताल ले गए जहां डाक्टरों ने धर्म सिंह को मृत घोषित कर दिया। 

 

उधर, शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 336, 304 आईपीसी व 25-54-59 आर्म एक्ट के तहत पुलिस थाना पुरुवाला में मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की पुष्टि डीएसपी पांवटा रमाकांत ठाकुर ने की है।

Follow us on Social Media
error: Content is protected !!