08 से 14 जनवरी, 2022 तक ‘स्वस्थ बाल-बालिका स्पर्धा का होगा आयोजन : कृतिका कुलहरी


image

बाघल टाइम्स

सोलन ब्यूरो (28दिसंबर)   केन्द्र सरकार के निर्देशानुसार 08 जनवरी, 2022 से 14 जनवरी, 2022 तक पोषण अभियान के अन्तर्गत देश एवं प्रदेश के साथ-साथ सोलन जिला में भी ‘स्वस्थ बाल-बालिका स्पर्धा’ अभियान कार्यान्वित किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य पोषण को जन अभियान बनाकर भावी पीढ़ी को स्वस्थ रखना है। यह जानकारी आज यहां उपायुक्त सोलन कृतिका कुलहरी ने दी।
उन्होंने कहा कि ‘स्वस्थ बाल-बालिका स्पर्धा’ अभियान के तहत विशेष रूप से विकसित पोषण ट्रैकर एप के माध्यम से आंगनवाड़ी स्तर पर शून्य से 6 वर्ष तक के सभी शिशुओं एवं बच्चों का स्वास्थ्य सम्बन्धी आंकड़ा तैयार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अभियान को सफल बनाने के लिए सामुदायिक भागीदारी एवं अन्य सम्बद्ध ऐजेंसियों की भागीदारी सुनिश्चित की गई है।
कृतिका कुलहरी ने कहा कि अभियान को सफल बनाने के लिए पोषण ट्रैकर एप पर सम्बन्धित मोडयूल को जोड़ा जा चुका है। इस मोडयूल के माध्यम से एप में बच्चे की लम्बाई, वज़न जैसी जानकारियां भरी जाएंगी। इन जानकारियों के आधार पर सुपोषित एवं कुपोषित बच्चों का वर्गीकरण किया जाएगा।
उपायुक्त ने कहा कि ‘स्वस्थ बाल-बालिका स्पर्धा’ अभियान का उद्देश्य शून्य से 06 वर्ष तक के बच्चों के पोषण स्तर में सुधार लाना, कुपोषित बच्चों के स्वास्थ्य में सुधार के लिए उनके अभिभावकों को स्वस्थ एवं पोषित बच्चों की जानकारी देकर सकारात्मकता के माध्यम से ऐसे अभिभावकों का व्यवहार परिवर्तन सुनिश्चित बनाना तथा जन-जन के सहयोग से प्रत्येक शिशु एवं बच्चे के समग्र विकास के लिए स्वस्थ्य प्रतियोगिता की भावना का सदुपयोग करना है।

कृतिका कुलहरी ने कहा कि 08 से 14 जनवरी, 2022 तक ‘स्वस्थ बाल-बालिका स्पर्धा’ अभियान के तहत बच्चों की विकास की दर की निगरानी की जाएगी। यह कार्य विभिन्न आंगनवाड़ी केन्द्रों, घरों, ग्राम पंचायत स्तर, विद्यालयों इत्यादि में किया जाएगा।
अभियान के माध्यम से पोषित बच्चों की जानकारी प्रदान कर कुपोषण की पूर्ण रोकथाम पर ध्यान दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि स्वस्थ बच्चों को महिला एवं बाल विकास विभाग की तरफ से प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे।
कृतिका कुलहरी ने कहा कि यह स्पर्धा समाज में सही पोषण की अवधारणा को पुष्ट करेगी। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि ‘स्वस्थ बाल-बालिका स्पर्धा’ अभियान में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें ताकि हमारी भावी पीढ़ीयां स्वस्थ रहकर देश एवं प्रदेश में अपनी पूर्ण भागीदारी सुनिश्चित बनाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!