अर्की के चिल्लड़ में 51 वर्षीय व्यक्ति की संदिग्ध हालत में मौत, पुलिस जांच में जुटी।
बाघल टाइम्स
अर्की ब्यूरो : ( 04 सितंबर ) पुलिस थाना रामशहर के अंतर्गत चिल्लड़ पंचायत के गांव पनौला में सेवानिवृत्त सेना सूबेदार और पंचायत उपप्रधान भगत सिंह, आयु 51 साल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौ*त से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, भगत सिंह पुत्र सुखराम करीब पांच वर्ष पहले सेना से सेवानिवृत्त हुए थे। बताया जा रहा है कि बुधवार शाम वह अपनी मलकीयती जमीन पर जंगली जानवरों से फसलों की रखवाली करने गए थे। इसी दौरान क्षेत्र में भारी बारिश शुरू हो गई, जिसके चलते उनके वापस न लौटने की जानकारी तत्काल किसी को नहीं मिल सकी।

वीरवार सुबह ग्रामीणों ने भगत सिंह को जमीन पर मृत अवस्था में देखा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
डीएसपी नालागढ़ भीष्म सिंह, थाना प्रभारी रामशहर विनोद कुमार, उप थाना प्रभारी बलबीर सिंह और फॉरेंसिक टीम के चिकित्सक नरेश शर्मा सहित पुलिस कर्मियों ने मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर उनके बयान भी दर्ज किए हैं।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नालागढ़ अस्पताल भेज दिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस के अनुसार, मृतक की जेब से कुछ दस्तावेज और निजी सामान बरामद हुआ है।
फिलहाल मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
भगत सिंह अपने पीछे पत्नी और दो बेटों सहित परिवार छोड़ गए हैं। उनके निधन से गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है।
थाना प्रभारी रामशहर विनोद कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है।