मनरेगा के तहत श्रमिकों की ऑनलाइन हाजिरी को लेकर एक फरवरी से राष्ट्रीय स्तर पर काम रोको हड़ताल होगी शुरू
बाघल टाइम्स नेटवर्क
मनरेगा के तहत श्रमिकों की ऑनलाइन हाजिरी सहित अन्य समस्याओं को लेकर एक फरवरी से राष्ट्रीय स्तर पर काम रोको हड़ताल शुरू होगी। यह निर्णय राष्ट्रीय सरपंच संघ हिमाचल प्रदेश ने किया है। इसके लिए बाकायदा केंद्रीय सरपंच संघ ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव भी पारित किया है। और अब एक फरवरी से शुरू हो रही हड़ताल में समस्त पंचायतों प्रतिनिधियों का भी सहयोग करने की अपील की है।

राष्ट्रीय सरपंच संघ के प्रधान जैसी राम ने बताया कि 11 जनवरी को केंद्रीय मंत्री से मिलकर राष्ट्रीय सरपंच संघ ने मनरेगा की ऑनलाइन हाजिरी लगाने में आ रही समस्याओं समेत पंचायत स्तर की अन्य समस्याओं के बारे में अवगत करवाया था। बावजूद इसके इन समस्याओं का समाधान नहीं हो पाया। अब केंद्रीय सरपंच संघ ने सर्वसम्मति से एक फरवरी से काम रोकाे हड़ताल शुरू करने का निर्णय किया है।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने पहले ही मनरेगा के बजट में कटौती कर दी है। अब इस तरह की अड़चनें डालने से काम ही बंद कर दिए हैं।