डीसीएम लैंड ऑफ गॉड्स स्कूल में धूमधाम से मनाया गया बैसाखी का त्यौहार व हिमाचल दिवस
बाघल टाइम्स
अर्की, अप्रैल 13: डीसीएम लैंड ऑफ गॉड्स स्कूल में बैसाखी एवं हिमाचल दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित विशेष प्रार्थना सभा में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम के दौरान छात्रों को बैसाखी पर्व के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि बैसाखी फसल कटाई का पर्व होने के साथ-साथ खुशहाली, समृद्धि और नए आरंभ का प्रतीक है। विद्यार्थियों ने गीत, नृत्य और प्रस्तुतियों के माध्यम से इस पर्व की झलक प्रस्तुत की।
हिमाचल दिवस के उपलक्ष्य में भी छात्रों को राज्य के गौरवशाली इतिहास, समृद्ध संस्कृति एवं परंपराओं के बारे में अवगत कराया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने पारंपरिक हिमाचली वेशभूषा में लोकनृत्य प्रस्तुत कर सभी का ध्यान आकर्षित किया।
विद्यालय की प्रधानाचार्य रीना पांटा ने अपने संबोधन में कहा कि “ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को अपनी जड़ों से जोड़ते हैं और उनमें सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति सम्मान की भावना विकसित करते हैं।”
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में सांस्कृतिक जागरूकता को बढ़ावा देना तथा उन्हें अपने प्रदेश की विरासत से परिचित कराना रहा। आयोजन ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक सिद्ध हुआ।