भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की दो टूक ,आने वाले विधानसभा चुनाव में पार्टी के कुछ मंत्रियों और विधायकों के कट सकते हैं टिकट

बाघल टाइम्स नेटवर्क

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं शिमला लोकसभा क्षेत्र से सांसद सुरेश कश्यप ने उना जिला मुख्यालय के सर्किट हाउस में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश में समय से पूर्व विधानसभा के चुनाव हो सकते हैं जिसके लिए भारतीय जनता पार्टी संगठन पूर्ण रूप से तैयार है। सुरेश कश्यप ने दो टूक शब्दों में कहा है कि आने वाले विधानसभा चुनाव में पार्टी के ही कुछ मंत्रियों और विधायकों के टिकट कट सकते हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी जनता की उम्मीद और आशाओं को लेकर समय-समय पर सर्वे करवाती है और उसी के आधार पर चुनाव के लिए प्रत्याशियों का चयन किया जाता है। उसी कड़ी में हिमाचल प्रदेश में भी सर्वे हुए है, जो भी इस सर्वेक्षण में सामने आएगा, उसी के आधार पर विधानसभा चुनाव में टिकट का आवंटन होगा, फिर चाहे उसके लिए किसी मंत्री या विधायक का टिकट काटना ही क्यों न पड़े। 

 

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस पर प्रहार करते हुए कहा कि यह पार्टी एक डूबता हुआ जहाज बनकर रह गया है । उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस ने जिस प्रकार अपना संगठनात्मक ढांचा खड़ा किया है , उसी से पता चलता है कि पार्टी में अपनी अपनी डफली अपना अपना राग की परिस्थिति पैदा हो चुकी है। एक सवाल का जवाब देते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बोले कि कांग्रेस का देश भर में जो कुछ हाल हो रहा है, हिमाचल कांग्रेस के नेता उसे भी एक बार देख लें, आने वाले विधानसभा चुनाव में हिमाचल प्रदेश में किसका बोरिया बिस्तर गोल होता है यह समय ही बताएगा। 

 

 

Follow us on Social Media
error: Content is protected !!