पुलिस कांस्टेबल भर्ती की लिखित परीक्षा रद्द, तीन आरोपी गिरफ्तार

बाघल टाइम्स नेटवर्क

हिमाचल पुलिस कांस्टेबल भर्ती की लिखित परीक्षा रद्द कर दी गई है। इसी माह के अंत तक फिर से परीक्षा करवाई जाएगी। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने पत्रकारों से बात करते हुए बताया कि 27 मार्च को पुलिस कांस्टेबल भर्ती की लिखित परीक्षा हुई थी। लेकिन पेपर लीक होने के कारण परीक्षा रद्द कर दी गई है। पेपर लीक करने वाले आरोपी हरियाणा और दिल्ली से हैं इन तीनों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है कि पुलिस की भर्ती पारदर्शिता के साथ पूरी हो सके और किसी को अंगुली उठाने की गुंजाइश न रहे। पेपर लीक की जांच के लिए एसआईटी बनाई गई है। डीआईजी मधुसूदन एसआईटी के प्रमुख होंगे। टीम जांच कर तथ्य जुटाएगी और उसके बाद सख्त कार्रवाई की जाएगी। 

क्या कहते हैं विपक्ष के  नेता

उधर कांग्रेस के विधायक दल के नेता मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि पुलिस कांस्टेबल भर्ती का पेपर लीक होने के मामले की जांच सीबीआई से करवाई जाए। प्रदेश के 74 हजार बेरोजगार युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ किया जा रहा है। सरकार की शह पर पुलिस भर्ती का पेपर लीक किया गया है।

Follow us on Social Media
error: Content is protected !!