दिल्ली की जीत प्रधानमंत्री मोदी की दूरदर्शी नीतियों, संगठन की सुदृढ़ता और भाजपा कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत का परिणाम: शर्मा

दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा की ऐतिहासिक जीत पर हिमाचल में भी जश्न, पूर्व विधायक गोविंद राम शर्मा ने दी बधाई

बाघल टाइम्स

 अर्की (सोलन)दिल्ली विधानसभा चुनाव में 27 साल बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ऐतिहासिक जीत पर हिमाचल प्रदेश में भी जश्न का माहौल है। भाजपा समर्थकों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। इसी कड़ी में अर्की के पूर्व भाजपा विधायक गोविंद राम शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर और संगठन के सभी कार्यकर्ताओं को इस शानदार जीत का श्रेय दिया है।

गोविंद राम शर्मा ने कहा कि यह जीत प्रधानमंत्री मोदी की दूरदर्शी नीतियों, संगठन की सुदृढ़ता और भाजपा कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत का परिणाम है। उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता ने अब विकास और पारदर्शिता की राजनीति को चुना है, जिससे स्पष्ट होता है कि आम आदमी पार्टी (AAP) की नीतियों को जनता ने पूरी तरह नकार दिया है।

भाजपा की इस जीत पर हिमाचल प्रदेश के विभिन्न जिलों में भी जश्न मनाया गया। समर्थकों ने मिठाइयां बांटी और आतिशबाजी कर खुशी जाहिर की। गोविंद राम शर्मा ने कहा कि यह जीत संगठन के हर छोटे-बड़े कार्यकर्ता की मेहनत का फल है, जिन्होंने लगातार जनता के बीच रहकर भाजपा की नीतियों और उपलब्धियों को पहुंचाया।

उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा इसी तरह 2027 के हिमाचल विधानसभा चुनावों में भी शानदार प्रदर्शन करेगी और जनसेवा के अपने संकल्प को और मजबूत करेगी।

Follow us on Social Media
error: Content is protected !!